पिछले कुछ दिनों से खबरिया टीवी चैनलों से लेकर अखबार के पन्नों तक जो विषय सबसे ज्यादा गरम है वह है भारत की टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा की पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ी शोएब से शादी का। पता नहीं क्यों मीडिया इसे इतना ज्यादा तवज्जो दे रहा है। ऐसा लग रहा है कि सानिया की शादी का असर दोनों देशों के रिश्तों पर पड़ेगा। जबकि ऐसा होना होता तो तभी हो जाता जब रीना राय ने मोहसीन खान से निकाह किया था।
खैर तब तो कोई फर्क नहीं पड़ा, लेकिन इस बार भी ऐसा शोर मचा रहे हैं मानो अब कोई फर्क पड़ेगा। मुझे निजी तौर पर ऐसा लगता है कि मीडिया के पास खबरों का अकाल है, इसलिए इन खबरों को दिनभर चलाया जा रहा है और विशेषज्ञों से गहन चर्चाएं कराई जा रही हैं। खैर इनकी शादी के होने या न होने से देश की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हां लेकिन कुछ लोगों को मुद्दा जरूर मिल गया है। चाहे वो भारत के लोग हों या फिर पाकिस्तान के। आपने भी ये सुन रखा होगा कि अब कहा जा रहा है कि सानिया भारत से ही खेलती रहेंगी या फिर पाकिस्तान से खेलेंगी। हालांकि एक और बड़ा मुद्दा तो शोएब की पहली शादी का है।
यानी अभी गांव बसा नहीं और…………. आगे तो आप समझ ही गए होंगे।
मैं तो नहीं समझ पा रहा हूं कि इसे तूल क्यों दिया जा रहा है यदि आपको पता हो तो मुझे भी बताएं।